मुरादाबाद। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए तैयारी तेज कर दी है। हज आवेदकों से हज यात्रा की दूसरी किस्त 10 मार्च तक जमा करने को कहा है। इसके अलावा हज यात्रा पर जाने से पूर्व ट्रेनिंग के लिए जिले से आठ हज ट्रेनरों को दिल्ली बुलाकर उन्हें ट्रेनिंग के बारे में बताया।
जिले से हज यात्रा पर जाने के लिए 2025 लोगों ने आवेदन किया है। दूसरी किस्त के रूप में 1.70 लाख रुपये जमा किया जाना है। 10 मार्च तक यह धनराशि जमा की जा सकेगी। इससे पहले हज आवेदकों से 81600 रुपये की पहली किस्त जमा हुई थी। इसी के साथ हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रियों को यात्रा से पहले हज की ट्रेनिंग देने की तैयारी भी शुरू कर दी है। मुरादाबाद से मास्टर खुसरो फैसल, शम्मे आलम, फैजान अथर समेत आठ हज ट्रेनरों को दिल्ली बुलाकर रविवार को मौलाना आजाद रोड स्थित विज्ञान भवन और सोमवार को राधा कृष्णा ऑडिटोरियम में ट्रेनिंग दिया। जिससे वह लोग अपने जिले के लोगों को हज यात्रा पर जाने से पहले उसके तौर तरीकों से अवगत करा सकें।