मुरादाबाद के कटघर थानाक्षेत्र के आदर्श नगर में सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी के गनर मनीत प्रताप सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय सिपाही के साथ उसकी प्रेमिका भी मौजूद थी। वहीं दो अन्य सिपाही ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे।
बुधवार रात दो बजे हुई घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। युवती और दोनों सिपाहियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बुलंदशहर जनपद के कोतवाली देहात के गांव रसूलपुर पिटारी निवासी मनीत प्रताप सिंह (23) 2018 बैच के सिपाही थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। उनकी ड्यूटी मुरादाबाद देहात विधानसभा से सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी के गनर के रूप में थी।
एसपी सिटी ने बताया कि मनीत कटघर के आदर्श नगर में कमल गुलशन के मकान में रहते थे। बुधवार देर रात दो बजे सिपाही मनीत प्रताप सिंह ने अपने कमरे में सरकारी कार्बाइन से खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सिपाही का घटनास्थल पर मौजूद युवती के साथ प्रेम-संबंध चल रहा था, लेकिन दोनों के परिवारवाले इसका विरोध कर रहे थे। इसी वजह से सिपाही तनाव में चल रहे थे। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि कटघर थाना क्षेत्र में सिपाही की मौत हुई है।
प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। उन्होंने खुद को गोली मारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है। वहीं दोनों साथी सिपाही ने बताया कि खाना खाने के बाद वह ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए थे।