मुरादाबाद। जीआरपी ने ट्रेनों में अपने प्रेमी आसिफ के साथ जहरखुरानी करने वाली आरोपी शबनम (26) को गिरफ्तार किया है। महिला आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम था। उसने दो माह पहले मंसूरी एक्सप्रेस में अपने प्रेमी के साथ मिलकर जहरखुरानी की घटना को अंजाम दिया था।
नशे की मात्रा ज्यादा होने के कारण यात्री रमेश की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी। जबकि उनकी पत्नी देववती नशे की हालत में ट्रेन में पड़ी रहीं। शबनम ने महिला के कुंडल व पेंडल चोरी कर लिए थे। महिला को होश आने पर उसने जीआरपी से शिकायत की तो पति की मौत की जानकारी हुई थी। इसके बाद जीआरपी ने आसिफ को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बदांयू निवासी शबनम को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर क्राइम उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।