मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के परी रेस्टाेरेंट अग्निकांड मामले में पुलिस ने दूल्हे ओवैश और उसके भाई सुमाइल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई रेस्टोरेंट संचालक प्रदीप श्रीवास्तव की तहरीर पर की गई है। जिसमें आरोप लगाया है कि बरात चढ़त के दौरान की गई आतिशबाजी का रॉकेट रेस्टोरेंट में आकर गिरा और आग लग गई। दम घुटने से संचालक की मां की मौत हो गई थी। कटघर के रामपुर रोड मुस्तफाबाद निवासी प्रदीप श्रीवास्तव ने कटघर थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि वह मकान के ग्राउंड फ्लोर पर परी रेस्टोरेंट चलाते हैं जबकि पहली मंजिल पर परिवार रहता है। उन्होंने बताया कि रविवार की रात करीब 10:30 बजे वह रेस्टोरेंट में बैठे थे। परिवार के अन्य लोग पहली मंजिल पर मौजूद थे। रेस्टोरेंट के पास एक बरात चढ़ रही थी जिसमें आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान आतिशबाजाी का एक रॉकेट उनके रेस्टोरेंट में आकर गिर गया। इससे रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। पूरे रेस्टोरेंट में आग फैल गई और परिवार के लोग भी अंदर ही फंस गए थे। उन्होंने बरात के पास जाकर आतिशबाजी रोकने को कहा लेकिन लोग नहीं मान रहे थे।
उन्होंने पुलिस को बताया कि कार पर रखकर आतिशबाजी की जा रही थी। प्रदीप का कहना है कि उन्होंने बरात में मौजूद लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि जाकिर के बेटे ओवैश की बरात है। आतिशबाजी ओवैश का भाई सुमाइल और उसके रिश्तेदार व दोस्त कर रहे हैं। मकान की ऊपरी मंजिल तक आग और धुआं फैल गया गया था। प्रदीप का कहना है कि दम घुटने से उनकी मां की मौत हो गई थी। कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या में केस दर्ज किया गया है।
-
छत से नीचे फेंक कर बचाई बच्चों की जान, 45 लाख रुपये का नुकसान
मुरादाबाद। प्रदीप श्रीवास्तव ने दर्ज कराए केस में बताया कि उनका परिवार और बच्चे मकान की छत पर फंस गए थे। किसी तरह वह घर में जाकर अपने परिवार और बच्चों को छत से नीचे फेंक कर बचाया। आग और धुएं से उनकी मां मंजू उर्फ माया श्रीवास्तव की मौत हो गई। प्रदीप ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी मां की हत्या की है। घर का सभी सामान जलकर राख हो गया जिसमें करीब 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ब्यूरो
अग्निश्मन विभाग की प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने बताया गया
मुरादाबाद। अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से रेस्टोरेंट में आग लगने की बात सामने आई है। इस हादमें में चार सिलिंडर भी फट गए थे। रेस्टोरेंट संचालक और अग्निशमन की जांच में अलग-अलग बात सामने आ रही है। अब पुलिस को इस मामले में और गहनता से जांच करनी होगी। इसके बाद ही सच सामने आएगा। ब्यूरो