बिलारी। ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों की ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन उपस्थिति के आदेश के विरोध-प्रदर्शन में सोमवार को बिलारी ब्लॉक में सभी पंचायत सचिवों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
प्रदेश शासन के विशेष सचिव की ओर से तीन नबंवर को जारी शासनादेश में ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था लागू करने को कहा गया है। इस आदेश के खिलाफ ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने एक से चार दिसंबर तक प्रदेश भर में सांकेतिक शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन चलाने की बात कही है। प्रदेश संगठन के आह्वान पर सोमवार सुबह बिलारी ब्लॉक के सभी पंचायत सचिव ब्लॉक मुख्यालय पर इकट्ठा हुए।
सचिवों ने अपने संगठन के आह्वान के समर्थन और शासनादेश के विरोध में पहले बीडीओ कार्यालय और उसके एडीओ पंचायत कार्यालय के सामने खड़े होकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पंचायत सचिवों ने एडीओ पंचायत शकील अहमद से मिलकर भी अपने सांकेतिक आंदोलन के बारे में अवगत कराया।
प्रदर्शन के बाद पंचायत सचिवों ने बताया गया कि चार दिसंबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जाएगा। मौके पर जयपाल सिंह, संदीप कुमार, राजीव चौधरी, सतपाल सिंह, योंगेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, मनोज कुमार, तरुण कुमार, मोनिता और पूनम रानी आदि मुख्य थे।