मुरादाबाद। मकान खरीदने के लिए लोन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने दो लाख 96 हजार रुपये लेकर हड़प लिए। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर नागफनी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के तंबाकू स्ट्रीट निवासी अब्दुल फहद ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसने लोहागढ़ में एक मकान का सौदा 28 लाख रुपये में किया था। इसके लिए 5.50 लाख रुपये एडवांस भी दे दिया था। बाकी पैसा बैनामा के समय देने की बात तय हुई थी। वह मकान खरीदने के लिए लोन लेना चाहता था। इस बीच खुद को निजी फाइनेंस कंपनी का सीनियर सेल्स अधिकारी बताकर अक्षय राघव सिंह ने उससे मुलाकात की। पूर्व में उसने दो लाख का लोन दिलाया था। इसलिए फहद का उस पर विश्वास बढ़ गया था।
लोन के लिए बात करने पर अक्षय राघव ने कहा कि उसे कंपनी के कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। सिर्फ अपने कागजात और खर्च के पैसे मेरे मोबाइल पर भेज दो और तुम्हारा लोन करा दूंगा। इसके बाद अब्दुल फहद ने सारे कागजात के साथ पांच हजार 900 रुपये अक्षय राघव सिंह को भेज दिया। बाद में 6 जून 2024 से लेकर 21 अगस्त 2024 तक आरोपी अक्षय राघव ने उससे दो लाख 96 हजार 465 रुपये ले लिए, लेकिन लोन पास नहीं हुआ। इसके बाद फहद ने परेशान होकर एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। इस बारे में थाना प्रभारी नागफनी सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत करने का केस दर्ज किया गया है। जांच के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।