कांठ। चोरों ने शादी में गए मकान मालिक के बंद घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवर सहित हजारों का सामान चुरा लिए और घर में दूसरा ताला लगाकर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
छजलैट के गांव सदरपुर मतलबपुर निवासी डॉ. राहुल कुमार आर्य कांठ नगर में एक हेल्थ केयर सेंटर चलाते हैं। गांव के साथ ही नगर में मोहल्ला घोसीपुरा में भी उनका घर है। पीड़ित ने बताया कि वह नौ मार्च की रात अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए गांव चले गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में घोसीपुरा स्थित घर का ताला तोड़कर चोर यहां से पानी की मोटर, इर्न्वटर, वाईफाई राउटर, कुछ नकदी, जेवर सहित कीमती सामान चोरी करके और घर के गेट में नया ताला लगाकर भाग गए। शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे जब वह गांव से लौटकर अपने घर पहुंचे तो दूसरा ताला लगा देख दंग रह गए। उन्होंने ताले को तुड़वाया। घर में सामान फैला मिला। साथ ही नकदी, जेवर सहित कुछ कीमती सामान भी चोरी थे। उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए कार्रवाई के लिए तहरीर दी है, पुलिस ने भी मौका मुआयना किया है।