बुधवार की रात को कोयला लेकर पंजाब जा रही मालगाड़ी हरथला स्टेशन से मुरादाबाद की और अचानक बैक मार गई। मालगाड़ी बगैर ड्राइवर और गार्ड के पांच किलोमीटर चलकर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या पांच पर पहुंची और नौ डिब्बे पलट गए।
इससे मुरादाबाद-लखनऊ रेल मार्ग ठप हो गया। डीआरएम समेत सभी रेल अफसर मौके पर पहुंच गए थे। देर रात तक ट्रैक को साफ कराने की कोशिशें होती रहीं। मुरादाबाद के प्लेटफार्म संख्या पांच पर जिस मालगाड़ी के नौ डिब्बे पटरी से गिरे हैं वह झारखंड से कोयला लेकर पंजाब के लहरा मोहब्बत जा रही थी।
कोयला लदे यह डिब्बे ट्रैक पर बुरी तरह से छितर गए। ट्रैक किनारे के बिजली पोल भी ध्वस्त हो गए। यह हादसा रात को करीब पौने ग्यारह बजे का है। बताया जाता है कि शाम को करीब चार बजे यह मालगाड़ी मुरादाबाद स्टेशन से गुजरते हुए हरथला स्टेशन पर पहुंची थी। यहां इंजन फेल हो जाने के कारण मालगाड़ी को रोक दिया गया।
दूसरे इंजन की मांग की गई। मगर रात को दस बजे तक भी इंजन की व्यवस्था नहीं हुई जिस कारण मालगाड़ी खड़ी रही। मालगाड़ी पर तैनात ड्राइवर भी स्टेशन मास्टर से ड्यूटी खत्म होने की बात कहकर चला गया। रात को करीब सवा दस बजे मालगाड़ी अचानक पीछे की तरफ दौड़ पड़ी।
बगैर ड्राइवर के दौड़ी यह मालगाड़ी पांच किलोमीटर चलकर मुरादाबाद के प्लेटफार्म संख्या पांच पर पहुंची और नौ डिब्बे गिर गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि नौ डिब्बे दूर तक छितर गए। ट्रैक पूरी तरह से बाधित हो गया। इत्तला पाकर डीआरएम रेलवे अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक साफ कराने को ‘आपरेशन’ शुरू किया गया।