मुरादाबाद। महानगर के सभी 70 वार्डों के विभिन्न मोहल्लों में पेयजल समस्या से जूझ रही करीब एक लाख से अधिक की आबादी के लिए राहत की खबर है। जयंतीपुर, चाऊ की बस्ती समेत करीब दो दर्जन मोहल्लों जहां जर्जर और पुरानी पाइप लाइनों के कारण नगरवासी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं वहां करीब दस किमी नई पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी। वहीं मिलक कल्यानपुर, लाकड़ी समेत उन मोहल्लों में जहां पाइप लाइन नहीं बिछी होने के कारण लोग शुद्ध पेयजल को तरस रहे हैं वहां भी तीस किमी पाइप लाइन बिछा कर लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए 8.27 करोड़ रुपये भी मंजूर हो चुके हैं। टेंडर प्रक्रिया भी इसी माह पूरी कर ली जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो नये साल पर शहर के लोगों को पेयजल समस्या की दिक्कत से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा।
साढ़े दस लाख से अधिक की आबादी वाली इस नगर निगम के सभी 70 वार्डों में से किसी में पुरानी व जर्जर पाइप लाइनों के कारण लोगों को पेयजल समस्याओं से जूझना पड़ता है तो कहीं पाइप लाइन के न बिछी होने के कारण। नगर आयुक्त संजय चौहान व महापौर विनोद अग्रवाल ने पार्षदों से सुझाव लेकर पेयजल समस्या से निजात के लिए खाका तैयार कर लिया है। जिसके तहत शहर के सभी 70 वार्डों में आवश्यकतानुसार करीब 40 किलोमीटर नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसमें तीस किमी पाइप लाइनें नयी विकसित हो रही कॉलोनियों समेत पुराने मोहल्लों के उन स्थानों पर बिछाई जाएंगी जहां अभी तक पाइप लाइन नहीं डाली गई थी। जबकि करीब दस किमी पाइप लाइन उन स्थानों पर बिछाई जाएगी जहां पुरानी व जर्जर पड़ी लाइनों के कारण लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इस कार्य कर करीब 8.27 करोड़ रुपये व्यय होगा। सर्वे के साथ इसका खाका तैयार कर लिया गया है। निगम के अधिकारियों का दावा है कि इस कार्य के पूरा हो जाने के बाद शहर के लोगों की पेयजल समस्या लगभग खत्म हो जाएगी।
000
अभी तक कुल 1043 किमी बिछी है पाइप लाइन
मुरादाबाद। साढ़े दस लाख से अधिक की आबादी वाले इस शहर में अभी तक करीब 1043.69 किमी पाइप लाइन बिछी है। जिसके माध्यम से 1,25,060 लोगों को पेयजल के कनेक्शन दिए गए हैं।
000
पुरानी पाइप लाइन बदले जाने वाले टॉप फाइव मोहल्ले
नाम मोहल्ला, आबादी कितनी पुरानी पाइप लाइन लंबाई
1. जयंतीपुर 10 हजार 20 साल करीब एक किमी
2. सूर्य नगर तीन हजार 20 साल करीब 1.5 किमी
3. चाऊ की बस्ती तीन हजार 20 साल करीब 1.6 किमी
4. नवीन नगर 30 हजार 30 साल करीब दो किमी
5. इंदिरा चौक तीन हजार 25 साल करीब 1/2 किमी
0000
टॉप फाइव वह मोहल्ले जहां पहली बार बिछेगी
1. मिलक कल्यानपुर 1.5 किमी
2. लाकड़ी 1.5 किमी
3. धीमरी मैनाठेर 800 मीटर
4. साहसपुर तिगरी 1.1 किमी
5. सूरज नगर, बल्देवपुर 1.4 किमी
0000
फैक्ट फाइल
नगर निगम स्थापना वर्ष 1928
जनसंख्या 2011 के अनुसार 8,87,871
वर्तमान जनसंख्या 10,55,397
जलापूर्ति का श्रोत ग्राउंड वाटर
-------------------------
नलकूप कुल संख्या/चालू
बड़े 108/104
मिनी 202/195
जेडपीएस दो नग
इंडिया मार्क हैंडपंप 2395
ओवरहेड टैंक 49
ओवरहेड टैंक की भंडारण क्षमता- 70,255 किलो लीटर
भूमिगत टैंकों की भंडारण क्षणता- 9,000 किलो लीटर
---
शहर के कई मोहल्लों में पुरानी और जर्जर पाइप लाइनों के कारण तो कुछ में पाइप लाइन न बिछी होने के कारण लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ता था। पुरानी लाइनों के लीक होने पर उसकी मरम्मत कराने आदि में भी दिक्कत होती थी। सर्वे व पार्षदों के प्रस्ताव व सुझाव आदि को ध्यान में रखते हुए 40 किमी पाइप लाइन बिछाने का निर्णय लिया गया है। इसका खाका तैयार हो चुका है। टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रयास होगा कि नये साल से पहले इस कार्य को पूरा करा दिया जाए।
संजय चौहान, नगर आयुक्त