कुंदरकी। कैंसर पीड़ित पिता के इलाज के लिए गोल्ड लेने आई युवती के हाथ से बैंक से लाैटते समय सात लाख जेवर से भरी थैली पुलिस चाैकी के पास गिर गई। यह थैली एक राहगीर युवक उठा लेकर गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू की तो देखा एक युवक थैली उठाकर ले जाते फुटेज में नजर आया। अब पुलिस ने इस युवक की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना कस्बा पुलिस चाैकी के पास शुक्रवार दोपहर साढ़े बारह बजे हुई। कस्बे के मोहल्ला कायस्थान निवासी खुर्शीद खान की बेटी निमरा अपनी मौसी तबस्सुम के साथ नगर स्थित पीएनबी शाखा में करीब छह तोले सोने के आभूषण लेकर गोल्ड लोन के सिलसिले में पहुंची थीं। तबस्सुम के अनुसार बैंक कर्मचारियों ने उन्हें रविवार के बाद आने को कहा। जिसके बाद मौसी-भांजी घर लौटने लगीं। जब वह कस्बा पुलिस चौकी के ठीक सामने से पैदल गुजर रही थीं तभी निमरा के हाथ से आभूषण से भरी थैली अचानक सड़क किनारे गिर गई। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद थैली गायब होने का पता चला तो दोनों मौसी भांजी के होश उड़ गए। उन्होंने पहले आसपास थैली की खोजबीन की और फिर पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। वहीं घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में पुलिस चौकी के गेट के पास थैली सड़क पर गिरती हुई नजर आई। फुटेज में इस थैली को एक युवक उठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया है।
चौकी में भावुक मौसी भांजी ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान कर सोना बरामद करने की गुहार लगाती रहीं। तबस्सुम ने बताया कि निमरा के पिता खुर्शीद खान कैंसर से पीड़ित हैं और उनके इलाज के लिए पैसों की जरूरत है इसलिए सोना के आभूषण लेकर गोल्ड लोन लेने बैंक पहुंची थीं जिसकी बाजार में कीमत सात लाख रुपये बताई गई है । परिजनों के अनुसार लोन मिलने वाली रकम से खुर्शीद का इलाज कराया जाना था लेकिन अब पीड़ित परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि दूसरे सीसीटीवी कैमरे में भी खंगाले जा रहे हैं ताकि थैली उठाकर ले जाने वाले पहचान हो सके और सोना बरामद किया जा सके। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि थैली उठाकर ले जाने वाले युवक की पहचान हो सके और सोना बरामद किया जा सके।