मुरादाबाद। पैपटपुरा इलाके में बीच से टूटे पोल पर बिजली की लाइन का बोझ है। इस पोल को देखकर आसपास के लोगों में भय बना रहता है। लेकिन मजाल है कि सिस्टम के माथे पर चिंता की कोई लकीर नजर आ जाए। गांधी नगर जैसे पॉश इलाके में दो खंबे गिराऊ स्थिति में हैं। इस व्यस्त इलाके के लोग भी घबराहट में आए दिन जिम्मेदारों को फोन करते रहते हैं लेकिन या तो उन्हें लोगों की परवाह नहीं या फिर वह जानते होंगे कि खंभा कभी गिरेगा नहीं।
स्मार्ट सिटी में बिजली का ढांचा लड़खड़ाया हुआ है। कहीं बिजली की लाइनें कमजोर खंभों पर टिकी हैं तो कहीं लकड़ी की बल्लियों का सहारा बनाया हुआ है। कुछ इलाकों में तो किसी मकान के सहारे पोल को रोकने की कोशिश की गई है। पैपटपुरा में एक पोल मंदिर के ऊपर झुका है। यहां के सोनू सैनी, कुंवरपाल और प्रमोद ने बताया कि पूरे इलाके में कई जगह बिजली के खंबे गिराऊ स्थिति में हैं। गांधी नगर में सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे तारों के बोझ के कारण पिछले तीन महीने से सड़क की ओर धीरे-धीरे झुक रहे हैं। खंभों की हालत देखकर स्थानीय लोगों को किसी बड़े हादसे का डर सता रहा है।
बोले गांधी नगर वाले
करीब तीन महीने से बिजली के खंभे सड़क की ओर झुके हैं। विभाग को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। - राहुल बंसल, दवा विक्रेता
- झुकते खंभों से हर समय डर बना रहता है। विद्युत निगम को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किए बिना कार्रवाई करनी चाहिए। - दिलीप गुप्ता, पेंट विक्रेता
- सड़क किनारे खंभे झुके होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। संबंधित अधिकारियों को जल्द स्थिति ठीक करानी चाहिए। - शिव सोती
खंभों की जांच के लिए अधिकारी आए थे और फोटो खींचकर ले गए, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। निगम को जल्द खंभों को सुरक्षित कराना चाहिए। - विनोद कुमार
इस मामले में अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि गांधी नगर समेत जहां भी रोड किनारे बिजली के खंभे झुक रहे हैं। उन्हें देखने के लिए टीम भेजकर जांच कराई जाएगी, जांच के बाद उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।