समाज में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें सुरक्षित माहौल देने के लिए प्रदेश भर में चल रही ‘अमर उजाला’ और उत्तर प्रदेश सरकार की साझा मुहिम के तहत बुधवार को महानगर में ‘नारी सम्मान रैली’ निकाली गई।
रैली में महानगर के कई स्कूल - कालेजों की छात्राआें के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं और शिक्षिकाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस - प्रशासनिक अफसरों ने छात्राओं को यकीन दिलाया कि सिस्टम उनके साथ खड़ा है।
सिविल लाइंस में दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय से सुबह करीब ग्यारह बजे जिलाधिकारी जुहैर बिन सगीर ने हरी झंडी दिखाकर नारी सम्मान रैली को रवाना किया। यहां सीडीओ डा. उज्जवल कुमार, डीआईओएस प्रदीप कुमार द्विवेदी, डीएके की प्राचार्या डा. पूनम गुप्ता, मैनेजर उमाकांत गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता रेहाना, एआईडब्लूएफ की अध्यक्ष और राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य डा. रीता सिंह, महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष मनोरमा गुप्ता, आर्ट आफ लिविंग से ऋतु नारंग, पर्वतारोही रवि कुमार मौजूद रहे।
रैली दयानंद से स्टेट बैंक, डिप्टीगंज चौराहा, कोर्ट रोड, गुरहट्टी, जेल रोड, पोलियो चौराहा जैन मंदिर होते हुए मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज में समाप्त हुई। छात्राओं ने रैली में जबरदस्त उत्साह दिखाया। छात्राएं हाथों में नारी सम्मान और प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की तख्तियां लेकर चल रही थीं।
नारी सशक्तिकरण के नारे भी गुंजायमान हुए। छात्राएं सरकार की ओर से चलाई जा रही समाजवादी पेंशन, कन्या विद्या धन, हमारी बेटी उसका कल, पढ़ें बेटियां, बढे़ं बेटियां, कौशल विकास योजना, वूमैन पावर हेल्पलाइन 1090 की तख्तियां लेकर चलीं।
इसके साथ ही नारी है तो कल है, नारी का करो सम्मान, बेटी को बचाना उसे पढ़ाना है, नारी का सम्मान तो बनेगा देश महान जैसे नारे भी लगाए। ढाई किमी का सफर तय करने के बाद रैली दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पीली कोठी स्थित मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज पर समाप्त हुुई।
यहां मुख्य अतिथि एसएसपी नितिन तिवारी ने अपने संबोधन में छात्राआें से कहा कि आप सभी शक्तिशाली हैं। अपने साथ गलत होने पर उसका विरोध करें। पुलिस आपके साथ है। जरूरत है बस आवाज उठाने की। आप आवाज उठाएंगी तो समाज में बदलाव आएगा।
अगर आपके साथ कुछ भी गलत हो तो आप उसकी सूचना पुलिस को दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी और पूरी मदद मिलेगी। बीच बाजार या रास्ते में छेड़छाड़ होती है तो आप उसकी बाइक का नंबर या उसका हुलिया बता दें बाकी काम पुलिस कर लेगी।
आभार रामचंद्र शर्मा कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या मधुबाला त्यागी ने व्यक्त किया। मंच पर मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज की प्रधानाचार्या सुनीता डी. सिंह व डा. पूनम बंसल मौजूद रहीं ।
रैली में विशेष रूप से दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय की डा. रीता जेटली, डा. विमल शर्मा, डा. अर्चना राठौर, डा. मनी बंसल, डा. रितु दीक्षित, डा. मंजू जौहरी, डा. शोभा गुप्ता, डा. शुभा गोयल, आर्य कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या डा. वंदना सक्सेना का सहयोग रहा।
रैली में दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय, रामचंद्र शर्मा कन्या इंटर कालेज, मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज और आर्य कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने हिस्सा लिया।