मुरादाबाद के आरएसडी इंटर कालेज में अपराजिता कार्यक्रम में छात्राओं को शपथ दिलातीं डा. जी. कुमार।
मुरादाबाद। आरएसडी अकादमी में सोमवार को अमर उजाला के अभियान अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स का आयोजन किया गया। बालिका स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में चिकित्सकों ने छात्राओं ने अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। कहा कि यह अभी पढ़ाई का दौर है। जिंदगी के संघर्षों में सफल रहने के लिए स्वस्थ रहना आवश्यक है। चिकित्सकों, शिक्षकों और छात्राओं ने नारी अस्मिता की गरिमा को बनाए रखने के लिए साझा संकल्प लिया।
निदेशक डॉ. जी. कुमार ने कहा कि स्वस्थ रहने का सीधा संबंध खानपान से है। बारिश के मौसम में कई बार हम बिना स्वच्छता का खयाल रखे, सड़क किनारे खड़े होकर चाट पकौड़ी खाने लगते हैं। वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण के अलावा अन्य तरह का भी प्रदूषण होता है, जो हमारे खाने में पहुंच जाता है और छोटी सी लापरवाही के कारण हम बीमार पड़ जाते हैं। उन्होंने छात्राओं को घर के स्वास्थ्यवर्धक भोजन के सेवन को प्रेरित किया। नर्सिंग कालेज की प्राचार्य डॉ. एम. सुधा देवी ने छात्राओं को दांत साफ करना और हाथ धोने की विधि को प्रस्तुतिकरण के माध्यम से समझाया। कहा कि हाथ धुलने के सात चरण होते हैं। इसे अपनाकर हम स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी से बच सकते हैं। हमारा पाचनतंत्र मजबूत होगा। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुकृति मालवीय ने कहा कि स्वस्थ रहने का प्रथम चरण प्रतिदिन नहाना है। गर्मी के मौसम में आरामदायक सूती कपड़े पहनने को प्रेरित किया। डॉ. मोहम्मद शैगान ने कहा कि वातावरण में नमी होने की वजह से उल्टी, दस्त और बुखार की समस्या हो रही है। पानी भरा होने से मलेरिया भी हो रहा है। इस दौरान संयोग वशिष्ठ, मेघना सक्सेना, ज्योति पाठक, निधि सिंह, रचना, डॉ. अमित सक्सेना आदि मौजूद रहे।