मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में भाई के दोस्त ने एक युवती को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ युवती को तमंचे के बल पर एक मकान में ले गया और सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता कुंदरकी थाना क्षेत्र की निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि 18 मार्च की दोपहर वह कुंदरकी जाने के लिए गांव के ही चौराहे पर खड़ी थी। इसी दौरान जटनी गांव की तरफ से उसके भाई का दोस्त कार से आ गया। उसने युवती को देखकर कार रोक ली। उसने कहा कि वह भी कुंदरकी जा रहा है। उसने युवती से कार में बैठने के लिए कहा। भाई का दोस्त होने के कारण वह भरोसा करके कार में बैठ गई। इसी बीच युवक ने फोन पर कॉल कर मोहनपुर चौराहे से अपने दो साथियों को बुलाकर कार में बैठा लिया। कुंदरकी में डींरगपुर तिराहे के पास युवती ने कार रोकने को कहा।
आरोप है कि कार सवार एक युवक ने तमंचा निकल लिया और जान से मारने की धमकी देकर चुपचाप बैठने को कहा। तीनों युवक उसे मैनाठेर थाना क्षेत्र के डींगरपुर स्थित एक सुनसान मकान में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। पीड़िता ने आरोपियों से छोड़ने की गुहार लगाई लेकिन आरोपी नहीं माने। आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिवार वालों को आपबीती बताई।
इस घटना में कार्रवाई के लिए कुंदरकी थाने में तहरीर दी गई लेकिन घटना मैनाठेर क्षेत्र में होने की बात कहकर उसे मैनाठेर थाने भेज दिया गया। मैनाठेर थाने में आरोपी फैजान और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है।