मुरादाबाद। मौसम में उतार-चढ़ाव और शादियों की बहार है। शादियाें जाकर बरती गई लापरवाही से लोग बीमार हो रहे हैं। पिछले 15 दिनों में जिला अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों की ओपीडी में वायरल बुखार के केसों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि लोग शादियों में जाएं तो डीजे पर डांस करने के बाद एकदम से बाहर न निकलें और आइसक्रीम खाने से भी परहेज करें।
इस बार ठंड का मौसम जिस तरह से बना हुआ है, उससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। 26 जनवरी के बाद से बीच में एक-दो दिन छोड़ दिया जाए तो मौसम साफ नहीं हुआ है। कभी बारिश, कभी कोहरा और कभी तेज धूप का शरीर पर कई तरह से प्रभाव पड़ रहा है। गले में खराश, बुखार, सर्दी, खांसी, शरीर में दर्द, बंद नाक, खाने-पीने में दिक्कत, सिरदर्द जैसी समस्याएं हो रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम का यह उतार-चढ़ाव वायरल संक्रमण को बढ़ावा दे रहा है। दरअसल, लोग मौसम व तापमान में तालमेल नहीं कर पा रहे हैं। खासकर शादियों में जाते समय गर्म कपड़े पहनने में लापरवाही कर रहे हैं। जिला अस्पताल में इस तरह की ओपीडी 25 फीसद बढ़ गई है। चार सौ मरीज की जगह अब पांच सौ तक संख्या पहुंच रही है। यही नहीं निजी अस्पतालों में भी मरीजों की लाइन लग रही है।
यह बरतें सावधानी
- सूप, चाय, गर्म पानी का सेवन करें
- एक गिलास गर्म दूध में एक चम्मच हल्दी पाउडर मिलाकर पीएं
- तुलसी और काची मिर्च का काढ़ा बनाकर पीएं
- शहद और अदरक का रस हल्का गर्म कर पीएं
- सुबह-शाम नमक के पानी के गरारे करें