ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र के रमनावाला गांव के जंगल में मछली पालन केंद्रों के तालाबों की चौकीदारी कर रहे 57 वर्षीय चौकीदार की सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात को रविवार देर रात अंजाम दिया गया। सोमवार सुबह दूसरे चौकीदार के पहुंचने पर वारदात का पता चला। सूचना पर एसपी देहात, फोरेंसिक टीम और ठाकुरद्वारा पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। हत्या क्यों और किसने की? इसका पता नहीं चल सका है। कई एंगल पर जांच की जा रही है। अज्ञात हमलावर के खिलाफ चौकीदार के बेटेन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है।
गांव रमनावाला निवासी किशोरी लाल रमनावाला मार्ग पर स्थानीय निवासी अशोक कुमार कातिब और उत्तराखंड निवासी इसरार अहमद के मछली पालन केंद्रों की चौकीदारी करता था। रविवार की रात को वह केन्दों के पास बनी झोपड़ी में सो रहा था। सोमवार सुबह आठ बजे दूसरा चौकीदार ओमप्रकाश मछली पालन केंद्र पर पहुंचा तो उसने किशोरी लाल का खून में लथपथ शव झोपड़ी में चारपाई पर पड़ा देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना अशोक और पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी करनपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। चौकीदार ओमप्रकाश, तालाब मालिक अशोक कातिब और इसरार से पूछताछ की गई है लेकिन पुलिस हत्या के कारण का पता नहीं चला। पुलिस ने किशोरी लाल के पुत्र देवेंद्र कुमार की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास शुरू कर दिया है। एसपी देहात उदयशंकर सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को हत्या के कारणों का पता लगाकर हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। फ ोरेंसिक टीम ने भी मौके पर आकर घटना की फ ोटोग्राफ ी और जांच के लिए मिट्टी और अन्य नमूने लिए।
‘सीने में चाकू मारकर चौकीदार की हत्या की गई है। अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। परिवार ने किसी रंजिश से इंकार किया है। घटनास्थल की तरह आने जाने वालों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। कई एंगलों पर जांच की जा रही है, जल्द ही वारदात का खुलासा करने के लिए ठाकुरद्वारा पुलिस को निर्देश दिए गए हैं।’
उदय शंकर सिंह, एसपी देहात
एक ही वार में ले ली जान
मुरादाबाद। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि चौकीदार के सीने में चाकू से एक ही बार वार किया गया था। सीने में चाकू घोंपकर उसको घुमाया गया था। जिसकी वजह से उसके फेफड़ा कट गया। घाव काफी गहरा हुआ था। अंदेशा है कि वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब चौकीदार सो रहा था।
घटनास्थल के पास रात को हुई थी जन्मदिन पार्टी
ठाकुरद्वारा। गांव रमनावाला के जंगल में तालाबों के चौकीदार किशोरी की हत्या के कारणों और उसमें शामिल बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने मृतक का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या से पहले चौकीदार की मोबाइल से किन किन लोगों से बातचीत हुई। घटना वाली रात को पास में स्थित एक कोठरी में सात युवकों ने जन्मदिन पार्टी की थी। ये पार्टी करने वाले ज्यादातर स्कूल छात्र हैं। उनसे पूछताछ की गई तो पता चला कि उनके घर पर नॉनवेज नहीं बन सकता, इस वजह से जंगल में पार्टी की थी। पार्टी रात आठ बजे खत्म हो गई थी, इसके बाद वे घर चले गए थे। उस वक्त वहां कुछ नहीं हुआ था।
चौकीदार किशोरी की मौत से सदमे में परिवार
ठाकुरद्वारा। चौकीदार किशोरी की हत्या से उसका परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। किशोरी की पत्नी विमला दिव्यांग है। पति की मौत की जानकारी मिलने पर वह घटना स्थल पर पहुंचकर बेहोश हो गई। किशोरी के बड़े पुत्र देवेंद्र सिंह ने बताया कि वे दो भाई हैं। दूसरा छोटा भाई मंगली उत्तराखंड के लालकुआं में फैक्टरी में मजदूरी करता है। जबकि वह ठाकुरद्वारा में ही साइकिल की दुकान करता है। उनके पास खेती की जमीन नहीं है। उनके पिता ही उनकी आर्थिक मदद करते रहते थे। देवेंद्र ने किसी से दुश्मनी होने से इंकार किया है। उसने बताया कि उसके पिता ने अप्रैल 2019 से अशोक कातिब के तालाब पर नौकरी शुरू की थी। किशोरी की मौत से उसके दोनों पुत्रों, पत्नी, पुत्र वधु ममता व पम्मी, पुत्री रेखा का रोते बिलखते बुरा हाल था।