एक कार निकल चुकी थी आगे, टोल पर मिली हादसे की जानकारी तो पहुंचे वापस
अबुबकर की कार पीछे चल रही थी और उनके रिश्तेदार आरिफ की कार 20 किलोमीटर से ज्यादा फासले पर आगे चल रही थी। आरिफ ने बताया कि जब वह खिरनी टोल पर पहुंचे तो उन्हें कर्मचारियों ने बताया कि पीछे एक स्कॉर्पियो कार डिवाइडर से टकरा गई है। इस जानकारी पर लौटकर गए। मौके पर मंजर देखकर होश उड़ गए। बताया कि पुलिस और गंगा एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस पहुंच गई थी। अबुबकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। बाकी लोग दर्द से तड़प रहे थे।
पोस्टमार्टम कराने से किया इन्कार, शव लखनऊ ले गए परिजन
हादसे में तीन लोगों की जान जाने की सूचना पर लखनऊ से परिजन संभल पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराना चाहा लेकिन परिजनों ने मना कर दिया। पुलिस को परिजनों ने लिखित में दिया है कि वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। देररात में परिजन शव लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। कई परिजन घायलों की देखभाल करने में लगे हैं।
मेरी कार करीब 400 से 500 मीटर फासले पर चल रही थी
हादसे का शिकार हुई स्कॉर्पियो के पीछे तौकीर की कार चल रही थी। तौकीर का कहना है कि उनकी कार से करीब 400 या 500 मीटर की दूरी का फासला था। रफ्तार करीब 110 से 120 होगी। अचानक से स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ा और डिवाइडर से टकरा गई।
बताया कि हादसा इतना भीषण था कि स्कार्पियो डिवाइडर से टकराकर घुस गई। अचानक से ब्रेक लगाकर निकले तो सभी लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। तत्काल मदद मिली तो सभी को बाहर निकाला जा सका। तौकीर का कहना है कि जिस तरह से संतुलन बिगड़ा है उससे लग रहा है कि चालक को नींद की झपकी आई और इससे ही हादसा हो गया।