मुरादाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की वार्षिक सीएमई मेडिक्वेस्ट-2020 में चिकित्सकों ने कहा कि भविष्य की चिकित्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेली मेडिसन तकनीक पर आधारित होगी। इसकी शुरुआत हो चुकी है। चिकित्सकों को समय के साथ आधुनिक तकनीक अपनाकर खुद को अपडेट करना होगा।
कांठ रोड स्थित आयोजित सीएमई में मैक्स स्पेशलिटी अस्पताल दिल्ली के वरिष्ठ चिकित्सक डा. विवेका कुमार ने कहा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऐसी तकनीक है जिसमें कंप्यूटर इंसानों की तरह सोचेगा, समझेगा और काम करेगा। इसमें बड़े अस्पतालों की जरूरत नहीं होगी। किसी भी छोटे से क्लीनिक से मरीज का डेटा भेजा जाएगा और कंप्यूटर साफ्टवेयर की मदद से मरीज की बीमारी का आसानी से पता लग जाएगा। इससे इलाज सस्ता होगा। भविष्य में होने वाली बीमारियों का भी पहले ही पता लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इजराइल की मदद से भारत सरकार इसमें कार्य कर रही है। इजराइल की कंपनी के एक हजार कर्मी इसमें लगे हैं।वाल रिप्लेसमेंट की आधुनिक विधि पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिना सर्जरी के एजियोप्लास्टि की तर्ज पर वाल्व बदला जा सकता है। ।
सीएमई का उद्घाटन सीएमओ डा. एमसी गर्ग और बीएल कपूर सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल नई दिल्ली के डा. सुनील प्रकाश ने किया। आयोजक समिति अध्यक्ष डा. मोहित टंडन ने अतिथियों का स्वागत किया। सचिव डा. गिरिजेश कैन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। डा. नीतू वार्ष्णेय, डा. शलभ अग्रवाल ने आईएमए सोविनर का विमोचन किया। वैलेंटिस कैंसर हास्पिटल मेरठ के डा. सत्यवीर सिंह चौहान ने कैंसर के इलाज की नई तकनीक पर चर्चा की। मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल नई दिल्ली के डा. रितविक राज भुवन ने हार्ट की सर्जरी और मेंदांता अस्पताल गुरुग्राम के डा. अमित रस्तोगी ने लिवर प्रत्यारोपण, बीएल कपूर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल दिल्ली के डा. सुनील प्रकाश यूरीन संक्रमण, सिद्ध अस्पताल मुरादाबाद के डा. सिद्धार्थ मेहरोत्रा ने गैस्ट्रो इंटेस्टाईनल सर्जरी और कोलंबिया एशिया हास्पिटल गाजियाबाद की डा. विनिता दिवाकर ने गर्भावस्था में होने वाले पीलिया के इलाज की आधुनिक तकनीक के साथ अपने अनुभवों को बांटा। मैक्स स्पेशलिटी अस्पताल दिल्ली के डा. विवेका कुमार ने वैल्वुलर हार्ट डिसीज, केजीएमयू लखनऊ के डा. श्रीकांत श्रीवास्तव ने वृद्धावस्था में होने वाली मानसिक बीमारियों की विस्तार से जानकारी दी। सिद्धार्थ अस्पताल की डा. आशिमा मल्होत्रा और डा. गेशू मल्होत्रा ने बेसिक मेकेनिकल वेंटीलेशन पर चर्चा की।
अध्यक्षता आईएमए अध्यक्ष डा. अजय अरोडा और संचालन डा. मनोज सक्सेना, डा. शलभ अग्रवाल, डा. प्रिय सुमन रस्तोगी, डा. मो असद खान और डा. विमिता अग्रवाल ने किया। इस दौरान आयोजक सचिव डा. ज्योत्सना श्रीवास्तव, संयोजक डा. बबिता गुप्ता, डा. यूसी रस्तोगी, डा. नीरज गुप्ता, डा. एसके सिंघल, डा. बीके दत्त, डा. रवि गांगल, डा. विराग श्रीवास्तव समेत मुरादाबाद के अलावा रामपुर, अमरोहा, संभल और काशीपुर के डाक्टर मौजूद रहे।