मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब खानपान और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने के लिए स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत कम होगी। रेलवे ने स्टेशन परिसर और उसके आसपास खाली पड़ी जगहों को व्यावसायिक इस्तेमाल में लेने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अलग-अलग सुविधाओं के संचालन को लेकर ई-नीलामी और निविदाएं जारी की गई हैं। इनमें रेस्टोरेंट, सैलून, प्रीमियम ब्रांड स्टोर, किराना दुकान और मोबाइल स्टोर जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
रेलवे के दस्तावेजों के अनुसार मुरादाबाद स्टेशन पर सैलून कियोस्क के लिए 17 गुणा 26 वर्गफुट जगह तय की गई है। इसके अलावा मोबाइल स्टोर और अन्य उपयोगी सामान की दुकान के लिए 17 गुणा पांच वर्गफुट का कियोस्क निर्धारित किया गया है। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान मोबाइल से जुड़ी जरूरी वस्तुएं और अन्य उपयोगी सामान स्टेशन पर ही मिल सकेंगे। स्टेशन पर प्रीमियम स्टोर या ब्रांडेड आउटलेट भी खोला जाना प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 36.5 गुणा सात वर्गफुट क्षेत्र चिन्हित किया गया है। इसमें खानपान से अलग प्रीमियम और ब्रांडेड सामान बेचने की अनुमति होगी। संचालक को दुकान शुरू करने से पहले बेचे जाने वाले सामान की सूची और दुकान की योजना रेलवे के संबंधित अधिकारी से स्वीकृत करानी होगी।
इसके साथ ही बुकिंग हॉल के पास 17 गुणा 10 वर्गफुट क्षेत्र में किराना दुकान विकसित करने की योजना है। यहां यात्रियों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान मिल सकेगा। यात्रियों के लिए खानपान की सुविधा बढ़ाने की दिशा में भी काम हो रहा है। रेलवे ने स्टेशन के तीसरे प्रवेश द्वार पर 200 वर्गफुट क्षेत्र में फूड वैन संचालित करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू की है। इससे स्टेशन के इस हिस्से में आने-जाने वाले यात्रियों को भोजन और नाश्ते की सुविधा मिल सकेगी। सीनियर डीसीएम महेश यादव का कहना है कि नई सुविधाओं का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यात्रियों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए स्टेशन से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा। साथ ही रेलवे की खाली जगहों का बेहतर इस्तेमाल होगा और लाइसेंस के माध्यम से रेलवे की आय भी बढ़ेगी।