भोजपुर। फर्जी बैनामा और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए दुकान पर कब्जा करने के प्रयास के आरोप में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
मोहल्ला नापुर निवासी मेहनाज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने चार अप्रैल 2025 को उपनिबंधक कार्यालय में विधिवत रजिस्ट्री कराकर एक दुकान खरीदी थी। यह संपत्ति खाता संख्या 01069 एवं गाटा संख्या 516 में स्थित है। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दबंग किस्म के लोगों की नजर उनकी दुकान पर थी और इसी उद्देश्य से आरोपियों ने आपसी सांठगांठ कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने कूटरचित स्टांप पेपर बनाकर जाकिर को फर्जी मालिक दर्शाया तथा मुशाहिद के पक्ष में दुकान का फर्जी बैनामा करा दिया। इतना ही नहीं, नगर पंचायत में हाउस टैक्स अपने नाम दर्ज कराने के लिए भी इन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें ढेला नदी के पास बुलाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के डर से परिवार दहशत में है। मेहनाज ने बताया कि उन्होंने स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर भोजपुर पुलिस ने मुशाहिद , जहांगीर आलम , बाबू , जाहिद , जाकिर तथा चंगेज खान के खिलाफ तहत प्राथमिकी दर्ज की है। संवाद