मुरादाबाद। सरिया व्यापारी से सात लाख रुपये की कीमत का सरिया खरीदने के बाद पति पत्नी ने भुगतान नहीं किया। व्यापारी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी जितेंद्र आहूजा ने बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के खेड़ी पीस निवासी लियाकत ओर उसकी पत्नी शबाना परवीन के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें जितेंद्र ने बताया कि मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर केएल एसोसिएट नाम से उनकी दुकान है। 15 फरवरी 2023 को लियाकत और उसकी पत्नी शबाना परवीन दुकान पर आए थे। दोनों बताया कि शाहपुर तिगरी खुशहालपुर रोड पर अली आयरन स्टोर नाम से दुकान चलाते थे। अगले दिन भुगतान करने की बात कहकर 12 टन सरिया खरीद ली। जिसकी कीमत सात लाख रुपये थी। आरोप है कि सरिया ले जाने के बाद दोनों ने कई दिन भुगतान नहीं किया।
पैसे मांगने पर टालमटोल करते रहे। जितेंद्र कुमार अली आयरन स्टोर पर गए तो पता चला कि वहां से दुकान बंद कर दी गई है। 28 फरवरी को वह आरोपियों के गांव पैसे मांगने पहुंचा तो आरोपियों ने पैसे देने से साफ मना कर दिया। मझोला थाना प्रभारी विप्लव शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।