मुरादाबाद। चार लोगों ने निर्यातक को ऑन लाइन एक्सपोर्ट कराने के नाम पर 50 लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद आरोपियों ने निर्यातक का कारोबारी शुरू नहीं कराया। पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें प्रताड़ित किया। जिससे तंग आकर निर्यातक ने आत्महत्या कर ली। निर्यातक की पत्नी ने कोर्ट की शरण लेते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मझोला के राम तलैया तीन मूर्ति लाइनपार निवासी नेहा वर्मा ने एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले आशु चौधरी और उसके तीन साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराया है। जिसमें नेहा ने बताया कि आशु चौधरी और उसके तीन साथियों ने उसके पति लोकेश वर्मा को ऑनलाइन एक्सपोर्ट कराने झांसा देकर 50 लाख रुपये ले लिए थे। लोकेश ने जमीन और पत्नी के गहने बेच कर आरोपियों को रकम दी थी। इसके अलावा उन्होंने रिश्तेदारों से भी रकम उधार लेकर आरोपियों को दिए थे। आरोपियों ने रकम लेने के बाद कोई कारोबार नहीं कराया। लोकेश ने अपनी रकम वापस मांगी तो आशु चौधरी और उसके साथियों ने लोकेश वर्मा को प्रताड़ित किया।
इससे परेशान होकर 26 फरवरी 2023 को लोकेश वर्मा ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली थी। मझोला थाना प्रभारी विप्लव शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।