मुरादाबाद। जिगर कॉलोनी निवासी स्क्रैप कारोबारी शमीम खां ने तीन सगे भाइयों पर 57 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। सिविल लाइंस थाने में आरोपी तीनों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित शमीम खां ने बताया कि वह अपने पार्टनर शारिक सुल्तान के साथ स्क्रैप का व्यवसाय करते हैं। 2017 में कोतवाली क्षेत्र के नई सड़क निवासी तीन सगे भाई कमाल अख्तर, जमाल अख्तर और निसार अख्तर ने दो कंटेनर (जिंक स्क्रैप) बेचने का सौदा किया था। आरोप है कि एडवांस में तीनों भाइयों ने 57 लाख रुपये ले लिए थे।
रकम लेने के बाद आरोपी उन्हें दुबई ले गए और संबंधित माल दिखाया। माल उन्हें पसंद आ गया था। दुबई से लौटने के बाद आरोपियों ने दो बार में 27 लाख रुपये और ले लिए। रकम लेने के बाद तीनों भाइयों ने माल नहीं दिया। कई बार तकाजा करने के बाद आरोपियों ने कहा कि माल महंगा हो गया। अब वह माल नहीं मंगवा पाएंगे।
अगस्त 2018 में तीन बार में 27 लाख रुपये दिए लेकिन शेष 57 लाख रुपये नहीं दिए। पीड़ित ने अपनी रकम के लिए तकाजा किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देेने लगे। सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।