भगतपुर। ग्राम कुकरझुंडी निवासी एक युवक ने चार आरोपियों पर दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप लगाया है। भगतपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुकरझुंडी निवासी संकित चौधरी के अनुसार भोजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी विकास ने उसे दुबई में अच्छी नौकरी उपलब्ध होने की बात बताई थी। विकास ने उसकी मुलाकात अन्य लोगों से कराई गई। आरोप है कि सभी ने मिलकर दुबई भेजने और वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि आरोपियों ने विदेश भेजने के एवज में 2.30 लाख रुपये की मांग की। जिसके बाद उसने अलग-अलग तिथियों में आरोपियों को रकम दी। आरोप है कि दुबई पहुंचने पर उसे एक किराये के कमरे में ठहराया गया। काफी समय बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली तो उसने आरोपियों से संपर्क किया। आरोपी नौकरी को लेकर टालमटोल करते रहे। दुबई से घर लौटने के बाद उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही शिकायत करने या दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में संकित चौधरी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास, सोनू चौधरी, मुकुल चौधरी व दीपक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद