मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र के लाजपत नगर में रहने वाले छात्र के एकाउंट से साइबर अपराधियों ने 35 हजार रुपये निकाल लिए। ये रकम हरिद्वार में एटीएम से निकली गई है। छात्र के मोबाइल पर अलर्ट मैसेज आया तो रकम निकल जाने की जानकारी हो पाई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
लाजपत नगर निवासी अक्षत अग्रवाल ने बताया कि उसका खाता स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा में है। दो जनवरी 2020 को शाम करीब सात बजे उसके मोबाइल पर मैसेज आए। जिसमें बताया गया कि तीन बार में उसके खाते से 35000 रुपये निकल चुके हैं। ये रकम हरिद्वार में शिवालिक नगर स्थित बैंक ऑफ बडौदा के एटीएम से निकली गई है। पीड़ित ने बताया कि न तो उसके मोबाइल पर कोई कॉल आई थी और न ही उसने अपना एटीएम कार्ड किसी अन्य को दिया था। एटीएम कार्ड भी उसी के पास है। इसके बावजूद एटीएम कार्ड से रकम निकली गई है। कटघर थाना प्रभारी देवेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।