मुरादाबाद। इंश्योरेंस में निवेश कराने के नाम पर रिटायरमेंट के बाद एक रेलकर्मी से आठ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मझोला थाने में सेवानिवृत्त रेल कर्मी ने एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के दो डायरेक्टर, तत्कालीन मैनेजर और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें आरोप लगाया है कि तत्कालीन मैनेजर ने उनसे पालिसी करने के नाम पर आठ लाख रुपये का चेक लिया और उसे अपनी पत्नी की कंपनी के नाम ट्रांसफर कर लिया। पीड़ित को ठगी की जानकारी तब हुई जब अगली किस्त के लिए उनके पास बैंक से कॉल आई।
ठगी का शिकार होने वाले चंद्र प्रकाश सिंह मझोला थानाक्षेत्र के लाइन पार रामतलैया निवासी हैं। उन्होंने बताया कि वह रेलवे में ड्राइवर पद से 31 जनवरी 2019 को सेवा निवृत्त हुए थे। उन समेत 80 रेल कर्मी एक ही सेवा निवृत्त हुए थे। इस मौके पर डीआरएम कार्यालय में सेवा निवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में खुद को एसबीआई लाइफ इंश्योरेेंस कंपनी के मैनेजर बताने वाले नागेंद्र कुमार मिश्रा उपस्थित हुए थे और उन्होंने सभी 80 सेवा निवृत्त रेल कर्मचारियों को इनवेस्टमेंट पॉलिसी के बारे में बताया था। कहा था कि पांच साल में 10 लाख रुपये जमा करने पर 15 लाख 52 हजार रुपये मिलेंगे। इसके कुछ दिन बाद खुद नागेंद्र उनके घर पहुंचा और कहा कि हर साल दो लाख रुपये जमा करने होंगे। उन्होंने दो लाख रुपये का चेक नागेंद्र को दे दिया था। पहली किस्त के रूप में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के नाम चेक दिया था। चंद्र प्रकाश ने बताया कि कुछ दिन बाद नागेन्द्र का साथी सहकर्मी आशीष कुमार उनके घर पहुंचा और उसने कहा कि बाकी आठ लाख रुपये अगर एक बार में ही जमा करे देंगे तो पांच साल पूरे होने पर दो लाख अतिरिक्त मिलेंगे। उन्होंने आठ लाख रुपये का चेक एसबीआई इंश्योरेंस कंपनी के नाम दे दिया। एक साल बाद बैंक से उनके पास फोन आया और कहा गया कि वह अपनी पॉलिसी की दूसरी किस्त जमा करें। तब उन्होंने बैंक जाकर इसकी जानकारी की। तब पता चला कि नागेंद्र मिश्रा ने जो चेक उनसे लिया था, उसे बैंक में जमा न करके बिजनेस इंफ्रा प्राइवेट कंपनी में लगा दिया है। इस कंपनी की डायरेक्टर उसकी पत्नी विजय लक्ष्मी के ना पर चेक लगाया गया। चंद्र प्रकाश ने बताया कि उनके साथ हुई धोखाधड़ी में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के दो डायरेेक्टर भी शामिल रहे हैं। इंस्पेक्टर मझोला राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चंद्र प्रकाश की तहरीर पर नागेंद्र कुमार मिश्रा, उसकी पत्नी विजय लक्ष्मी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के डायरेक्टर रणधीर त्रिपाठी और उमेश कुमार वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।