मुरादाबाद। उत्तर रेलवे पांच अप्रैल से कुछ अनारक्षित ट्रेनों का परिचालन शुरू करेगा। इसमें मुरादाबाद रेल मंडल से गुजरने वाली चार ट्रेनें शामिल हैं। हालांकि अभी ट्रेनों के नाम और नंबर सहित सूची रेलवे की ओर से जारी नहीं की गई है। जोनल मुख्यालय की ओर से बुधवार को यह सूची जारी की जा सकती है।
लॉकडाउन के बाद लंबे समय तक मंडल में अनारक्षित ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। जो कोविड स्पेशल ट्रेनें शुरू की गईं उनमें रेल यात्रियों को सफर का अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। इसके अलावा त्योहार स्पेशल ट्रेनों में तो यात्रियों को सामान्य से तीन गुना तक किराया चुकाना पड़ा। ऐसे में अनारक्षित ट्रेनों का परिचालन शुरू होना रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। फिलहाल मुरादाबाद मंडल में तीन अनारक्षित पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। इसमें मुरादाबाद-सहारनपुर पैसेंजर में यात्रियों की अच्छी संख्या है। हालांकि इन ट्रेनों में भी रेल यात्रियों को एमएसटी व दिव्यांग पास आदि का लाभ नहीं मिल रहा है। पांच अप्रैल से शुरू होने वाली ट्रेनों में यात्री इन सुविधाओं का लाभ ले पाएंगे या नहीं यह भी रेलवे ने स्पष्ट नहीं किया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि पांच अप्रैल से कुछ अनारक्षित ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें मुरादाबाद समेत अन्य मंडलों की ट्रेनें भी शामिल हैं।
काशी-विश्वनाथ समेत तीन एक्सप्रेस ट्रेनें आज से चलेंगी
मुरादाबाद। काशी विश्वनाथ समेत तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन 31 मार्च से शुरू होगा। इनमें उत्तरांचल संपर्क क्रांति और जनसाधारण एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें पूरी तरह आरक्षित होंगी। इनमें यात्री कंफर्म टिकट लेकर ही यात्री कर पाएंगे। सीपीआरओ दीपक कुमार ने बताया कि 31 मार्च से इन ट्रेनों का परिचालन शुरू हो रहा है। ट्रेनों के ठहराव पहले ही तरह ही निर्धारित हैं। इससे मंडल के रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, अमरोहा, सहारनपुर, लक्सर और रुड़की के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। गौरतलब है कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस मंडुआडीह से नई दिल्ली, उत्तरांचल संपर्क क्रांति दिल्ली से काठगोदाम और जनसाधारण एक्सप्रेस दरभंगा से अमृतसर के बीच चलती है।