मुरादाबाद। संक्रमित डिप्टी सीएमओ की पत्नी और पुत्र समेत चार लोग और संक्रमित मिले हैं। संक्रमित मरीजों में महिला थाना में तैनात सिपाही भी शामिल है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर अब 23 हो गई है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल को कुछ दिनों से सर्दी जुकाम की शिकायत थी। कोविड की जांच कराई तो बृहस्पतिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच कराई गई। शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ की पत्नी और पुत्र भी संक्रमित पाए गए। इसके अलावा महिला थाने में तैनात सिपाही की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। महिला सिपाही को बुखार और गले दर्द की शिकायत थी। शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचकर महिला सिपाही ने एंटीजन टेस्ट कराई। वहीं खुशहालपुर रोड की रहने वाली 29 वर्षीय युवती की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि डिप्टी सीएमओ के परिवार के दो सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 23 पहुंच गई है।