मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाने की फकीरपुरा पुलिस चौकी से मात्र 477 कदमों की दूरी पर करीब 25 वर्षीय एक युवक की हत्या कर उसका शव जला दिया गया। इसकी भनक न तो चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों लगी, न ही ईवीएम वेयर हाउस और सदर तहसील में तैनात सुरक्षा कर्मियों को। शुक्रवार सुबह सफाई कर्मियों ने शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, जलाने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी, हालांकि शव अधिक जल लाने की वजह से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइंस क्षेत्र में ईवीएम वेयर हाउस के सामने तहसील सदर के पीछे खाली पड़ी जमीन पर शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे सफाई कर्मी कूड़ा डालने गए थे। यहां से फकीरपुरा पुलिस चौकी 477 कदम की दूरी पर है, जहां चौबीस घंटे पुलिस तैनात रहती है। सफाई कर्मियों ने यहां एक युवक का शव जली हुई हालत में पड़ा देखा। सफाई कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी और थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। आस पड़ोस के मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच पड़ताल कराई। टीम ने मौके से नमूने लिए हैं। जिससे माना जा रहा है कि मौके पर ही शव जलाया गया है। शुक्रवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि जलाने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। शव तीन से चार दिन पुराना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। जिस कारण विसरा सुरक्षित रखा गया है। सीओ ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।