बिलारी। हसनपुर रूप निवासी ग्रामीण के साथ फाइनेंस कंपनी बनाकर धोखाधड़ी और जालसाजी करने के आरोप में डीआईजी के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सर्किल के थाना सोनकपुर के हसनपुर रूप गांव निवासी समरपाल सिंह की ओर से शुक्रवार शाम थाना बिलारी में प्रकाश ग्राम उमरारा थाना सोनकपुर, केदार सिंह ग्राम चांदपुर गनेश थाना बिलारी, विनेश कुमार ग्राम भुलाबई थाना बनियाठेर और अखिलेश कुमार ग्राम ढकिया नरु थाना बिलारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। समरपाल सिंह की अनुसार आरोपी प्रकाश फाइनेंस कंपनी में काम करता है। प्रकाश से पहचान होने की वजह से आरोपी प्रकाश ने पीड़ित से कहा कि दोनों मिलकर एक फाइनेंस कंपनी बनाते हैं और साथ में काम करेंगे, अच्छी आमदनी होगी। समरपाल के अनुसार प्रकाश ने फाइनेंस कंपनी के शुरुआती दो उपभोक्ता बनाने के लिए जब दो अन्य लोगों के अभिलेख मांगे तब उसने अपने रिश्तेदार बिजेंद्र सिंह ग्राम ग्वारऊ थाना बिलारी और अपने ही गांव हसनपुर रूप निवासी विकास कुमार के अभिलेख दे दिए। बाद में प्रकाश ने उसे बताए बगैर इन दोनों रिश्तेदारों के नाम से अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से 40 लाख रुपये का ऋण ले लिया।
जब रिश्तेदारों के मोबाइल पर ऋण अदायगी के लिए मैसेज आए तब इसकी जानकारी हुई। समरपाल का कहना है कि रिश्तेदारों को ऋण दिलाने के नाम पर निकाली गई धनराशि वापस देने के नाम पर प्रकाश ने अपने मित्र केदार सिंह और अखिलेश कुमार को विक्रेता दिखाकर उसके रिश्तेदार बिजेंद्र सिंह के नाम ढकिया नरु गांव में स्थित प्लाट का बैनामा करा दिया।
इन बैनामों के आधार पर जब संबंधित बैनामे वाली जगह पर कब्जा दिलाने को कहा गया तब मौके पर जाकर पता चला कि तब प्रकाश और उसके सहयोगियों ने गलत बैनामे करा दिए तथा फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर उससे और उसके रिश्तेदारों से 40 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।