मुरादाबाद। रेलवे ने दैनिक यात्रियों की सहूलियत के लिए पैसेंजर ट्रेनों की संख्या में वृद्धि की है। मुरादाबाद मंडल में नौ पैसेंजर ट्रेनें शुरू होने जा रही हैं। इसमें मुरादाबाद-गाजियाबाद और गजरौला-नजीबाबाद पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें 15 अप्रैल से शुरू होंगी। यात्री अनारक्षित टिकट लेकर इनमें सफर कर सकेंगे।
मुरादाबाद से अमरोहा, गजरौला या गाजियाबाद में नौकरी के लिए जाने वाले यात्रियों को मुरादाबाद-गाजियाबाद पैसेंजर के चलने से काफी सहूलियत होगी। वहीं नजीबाबाद से गजरौला के बीच अक्सर सफर करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। ट्रेन नंबर (04335-36) मुरादाबाद-गाजियाबाद-मुरादाबाद पैसेंजर सुबह 05.10 बजे मुरादाबाद से चलेगी और 08.40 बजे गाजियाबाद पहुंचाएगी। वापसी में गाजियाबाद से शाम 06.20 बजे चलेगी और रात 10.50 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी। जबकि ट्रेन नंबर (04334-33) नजीबाबाद-गजरौला-नजीबाबाद पैसेंजर नजीबाबाद से सुबह 08.05 बजे रवाना होगी और दोपहर 12 बजे गजरौला पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 02.45 बजे गजरौला से चलेगी और शाम सात बजे नजीबाबाद पहुंचाएगी। इसके अलावा मुरादाबाद रेल मंडल में दिल्ली-सहारनपुर के बीच दो और सीतापुर-शाहजहांपुर के बीच एक पैसेंजर ट्रेन का परिचालन होगा। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि पैसेंजर ट्रेनें चलाने के लिए काफी समय से यात्री मांग कर रहे थे। अब इन ट्रेनों के चलने से दैनिक यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।