मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के सेहल गांव में शनिवार की सुबह विवाहिता दीपिका (21) ने शादी के चार माह बाद ही फंदे पर लटक कर जान दे दी। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, दो जेठ और एक देवर के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज की है। शनिवार की शाम आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के मुताबिक, भोजपुर थाना क्षेत्र के सेहल गांव निवासी धर्मेंद्र की शादी इसी साल जनवरी माह में रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र के खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला निवासी राकेश कुमार की बेटी दीपिका के साथ हुई थी। धर्मेंद्र पीतल फर्म में काम करता है। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं थे। शुक्रवार की रात भी धमेंद्र और दीपिका के बीच विवाद हुआ था।
शनिवार की सुबह करीब दस बजे दीपिका अपने कमरे में चली गई और छत के कुंडे से दुपट्टे का फंदा बनाकर झूल गई। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके वालों के अस्पताल आने से पहले ही ससुराल के लोग चले गए थे। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि दीपिका के पिता राकेश कुमार की तहरीर पर आरोपी पति धमेंद्र, जेठ विक्रम सिंह, गुड्डू और देवर कुलदीप के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पिता ने बताया कि शादी के बाद से ही धर्मेंद्र और उसके परिजन दहेज में बुलेट की मांग कर रहे थे। बुलेट नहीं मिलने पर दीपिका को प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे तंग आकर दीपिका ने जान दी है।