ठेले से घर के लिए परिवार समेत निकले मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
अमेठी व अयोध्या क्षेत्र से रोजी-रोटी की तलाश में हरियाणा मजदूरी करने पहुंचे चार युवा दिहाड़ी मजदूरों के हौसले व हिम्मत की दाद देनी पड़ेगी। इन मजदूरों को जब कोई साधन नहीं मिला तो वह जिस रिक्शा ठेले को चलाकर वह जीविका चलाते थे, उसी में से एक पर सवार होकर चारों घर के लिए चल दिए।
साढ़े तीन सौ किमी से अधिक की दूरी तय कर वह सोमवार दोपहर मुरादाबाद पहुंचे। आगे की करीब 500 किमी की यात्रा तय कर वह दो दिन बाद अपने घर पहुंच सकेंगे।
बाराबंकी जिले के कांदूपुर निवासी अमित लाल, अमेठी जिले के रजमपुर तितोई निवासी रामसूरत, इसी जिले के पूरे दयाल ग्राम निवासी धर्मेंद्र और अयोध्या के ग्राम बरुहारी निवासी मदनलाल के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। लिहाजा चारों हरियाणा में ठेला चला कर गुजर बसर करते हैं।
जनता कर्फ्यू और फिर लॉकडाउन के चलते फैक्टरियां बंद होने से इनका भी काम बंद हो गया। चारों ने बताया कि दो-चार दिन तो किसी तरह समय काट लिया। फिर अपनों की याद सताने लगी। चिंता होने लगी कि बच्चे व परिवार के अन्य सदस्य किस हाल में होंगे। लिहाजा चारों ने अपना सामान पैक किया।