मुरादाबाद। गांवों में बुखार का कहर नहीं थम रहा है। मंगलवार को बुखार से भाजपा नेता रामवीर सिंह के भाई सत्यवीर सिंह (62) समेत चार लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा जिले में डेंगू के दो किस मिले हैं। अब तक मिले डेंगू पॉजीटिव मरीजों की संख्या 1191 हो गई है। इनमें केई ठीक हो चुके हैं। जबकि कुछ का इलाज चल रहा है।
मूंढापांडे निवासी सत्यवीर सिंह खेती का काम देखते थे। उन्हें पिछले एक सप्ताह से बुखार था। मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं कुंदरकी क्षेत्र के गांव मिलक गुरेर निवासी दीपक(25) ट्रक चालक था। वह 10 दिन पहले ट्रक लेकर असम गया था। वहां उसे बुखार आया, ताे उसने मेडिकल स्टोर से दवा ली। तबीयत में सुधार नहीं हुआ, जिस पर साथी चालक दीपक को लेकर गांव गुरेर पहुंचा और परिजनों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
गांव अहमद नगर जैतबाड़ा में मदरसा छात्र समीर (14) की बुखार से मौत हो गई। छात्र को तीन दिन से बुखार था। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। इनके अलावा मुरादाबाद में थाना नगफनी निवासी मोहम्मद आसिफ की नोएडा के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें 15 अक्तूबर को बुखार आया था, जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें मुरादाबाद के अस्पताल से बरेली रेफर किया गया। वहां से नोएडा ले जाया गया।
आसिफ रेलवे चाइल्डलाइन में सुपरवाइजर थे। उनके सहकर्मियों ने बताया कि डेंगू के कारण उनकी किडनी व लीवर भी खराब हो गया था। सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह का कहना है कि डेंगू के मामलों पर रोेकथाम का प्रयास जारी है। जहां मरीज मिल रहे हैं, वहां फॉगिंग व एंटी लार्वा छिड़काव कराया जा रहा है। आयुष्मान मेलों में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा वितरित की जा रही है।