मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में बर्तन बाजार अरोरा इंटर प्राइजेज निवासी विशेष अरोरा ने अपने चार कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि चारों ने उनकी फर्म से 25 लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी छिपे सप्लाई कर दिया और उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी।
कारोबारी विशेष अरोरा ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बर्तन बाजार शाही मस्जिद के पास स्थित मैसर्स अरोरा इंटर प्राइजेज का प्रबंधक है। हमारी फर्म में कॉपर की बोतल, गिलास व अन्य उत्पाद तैयार किए जाते हैं। जिसका गोदाम लाजपत नगर में है। विशेष अरोरा का कहना है कि उनकी फर्म में रामगंगा विहार आकाश ग्रीन निवासी हिमांशु वर्मा, मझोला के कुंदनपुर दुर्गा नगर निवासी राहुल कश्यप उर्फ रोहताश, मूंढापांडे क्षेत्र के सेहरिया निवासी मो. अनीस और गलशहीद के असालतपुरा निवासी शादाब अली फर्म में काम करते थे। विशेष का आरोप है कि चारों ने अरोरा इंटर प्राइवेज से अलग अलग फर्माें को माल सप्लाई किया। जिसका भुगतान नकद या अपने निजी खातों में ले लिया है। चारों मिलकर हमारी फर्म को करीब 25 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा चुके हैं। इसके अलावा चारों ने एक अलग फर्म बना ली। जिसमें घटिया क्वालिटी का माल लगाकर उत्पाद तैयार किए और अरोरा इंटर प्राइजेज का टैग व स्टीकर लगाकर सप्लाई किया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में मंडी चौकी प्रभारी किए गए थे निलंबित
मुरादाबाद। कर्मचारियेां और कारोबारी के बीच विवाद का यह मामला पहले भी पुलिस चौकी में पहुंचा था लेकिन तब कर्मचारियों का उत्पीड़न करने और रुपये मांगने के मामले में चौकी इंचार्ज राज किशोर को एसएसपी ने निलंबित कर दिया था।
कोतवाली में दर्ज किए की रिपोर्ट में आरोपी बनाए गए हिमांशु वर्मा, रोहताश और अनीस ने एसएसपी सतपाल अंतिल से शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को उन्हें मंडी चौक चौकी के इंचार्ज राजकिशोर ने चौकी में बुलाया था। आरोप लगाया कि तीनों को चौकी के अंदर बैठाकर पूछताछ की। उन्हें बताया गया कि विशेष अरोड़ा ने तीनों पर चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने चोरी करने की बात से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद तीनों की पिटाई की थी। इसके बाद 23 हजार रुपये भी लिए थे। एसएसपी ने जांच कराने के बाद चौकी इंचार्ज राज किशोर को निलंबित कर दिया था।