भगतपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम दांडी मंगावाला में मंगलवार की रात एक बरात चढ़त के दौरान एक वाहन को साइड देने के विवाद में मारपीट हो गई थी। मारपीट के दौरान कई बराती घायल हो गए थे।
इस मामले में आठ नामजद व छ अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
दिल्ली के आजाद नगर निवासी बाबूराम के अनुसार मंगलवार शाम वे अपने भतीजे टिंकू निवासी कटघर मुरादाबाद की बरात लेकर भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दांडी मंगावाला में आए थे। बताया कि रात में बरात चढ़त हो रही थी एवं बराती डांस कर रहे थे।
इसी दौरान लकड़ी से भरा एक वाहन वहां आया व उसका चालक साइड देने को कहने लगा जिस पर बरातियों ने रास्ता तंग होने की बात कही व कहा कि आगे रास्ता चौड़ा होने पर साइड दे दी जाएगी। आरोप है कि ये बात सुनकर वाहन पर सवार आरोपी और उसके साथी गुस्सा हो गए और उन्होंने बरातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है की मारपीट के दौरान बाराती सोनू, रितिक, रोहित, प्रियांशु, नरेश, निक्की, रीना, कुंवर सिंह आदि घायल हो गए।
इस मामले में बाबूराम की तहरीर के आधार पर आरोपी बारिश अली, हाकम, हारिश, रहमत अली, राशिद, शहजाद, बुंदु, सैद अली निवासी दांडी मंगावाला एवं 6 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को तीन आरोपी हारिश, शहजाद, बुंदु, नक्शे अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी नक्शे अली के पास से एक तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ है।