सात दिन से लापता किशोर का शव जंगल में मंगलवार को नीम के पेड़ पर लटका मिला। इससे परिजनों और ग्रामीणों में खलबली मच गई। मौके पर जुटी भीड़ और परिजनों ने किसी तरह की कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। फांसी पर लटका मिला नदीम परिजनों की डांट डपट से क्षुब्ध होकर सात दिन पहले घर छोड़ गया था और तभी से लापता था। परिजन उसे नाते रिश्तेदारियों में खोज रहे थे।
मंगलवार को अपराह्न छजलैट के जंगल में गांव के कलुआ के बेटे नदीम (14) की लाश ईख से सटे नीम के पेड़ पर लटकी मिली तो लोगों में सनसनी फैल गई। नदीम बेल्ट से बने फंदे से फांसी पर लटका था। जंगल में लाश की खबर पर तमाम लोग मौके पर दौड़े तो कलुआ और उसका परिवार भी वहां पहुंच गया।
कलुआ ने पेड़ पर लटकी लाश की शिनाख्त अपने बेटे नदीम के रूप में की। ग्रामीणों ने खुद ही शव को पेड़ से उतारा और फिर बिना पुलिस कार्रवाई के सुपुर्द ए खाक कर दिया। परिजनों ने किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया।