पाकबड़ा। नया मुरादाबाद के सेक्टर 12 में 18 जून को सांड़ के हमले ने एक परिवार के पालनहार को छीन लिया। उसकी मौत से परिवार की जिंदगी तबाह कर हो गई। पूरा परिवार गांव के लोगों से भीख मांग कर खा रहा है। बच्चों की पढ़ाई छूट गई।
नया मुरादाबाद के सेक्टर 12 में सांड़ ने मंगूपुरा निवासी राकेश पर कई बार हमले किए थे। उसे जमीन पर पटक कर कुचलता रहा। गंभीर रूप से घायल राकेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। राकेश की पत्नी आशा देवी ने बताया कि उनका परिवार की आर्थिक तंगी झेल रहा है। दो वक्त की रोटी मिलनी मुश्किल हो गई है। परिवार में सबसे बड़ी बेटी पायल (18), बेटा राहुल (16) और छोटी बेटी रेखा (14) हैं। बच्चों की पढ़ाई भी बंद हो गई है। आशा देवी का कहना है कि उनके बच्चे अब स्कूल नहीं जाते और घर पर ही रहते हैं।
सरकार से नहीं मिली कोई मदद
पाकबड़ा। इस परिवार को अभी तक सरकार या प्रशासन से कोई सहायता नहीं मिली है। आशा देवी और गांव वालों ने कई बार सरकारी मदद के लिए गुहार लगाई है लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई है। उनके पास न तो बीपीएल कार्ड है और न ही कोई अन्य सरकारी सुविधा, जिससे उन्हें इस कठिन समय में सहारा मिल सके।