2019 लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद कटघर क्षेत्र के मुस्लिम डिग्री कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में रामपुर के पूर्व सांसद आजम खां, मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन समेत अन्य सपा नेता शामिल हुए थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान रामपुर की पूर्व सांसद एवं अभिनेत्री जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इस मामले में रामपुर निवासी मुस्तफा हुसैन ने आजम खां, डॉ. एसटी हसन, अब्दुल्ला आजम, फिरोज खां, आयोजक मोहम्मद आरिफ, रामपुर के पूर्व चेयरमैन अजहर खां के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। मामले की सुनवाई लघुवाद न्यायाधीश (एमपीएमएलए विशेष कोर्ट) एमपी सिंह की अदालत में की जा रही है। विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि इस मामले में जयाप्रदा को बृहस्पतिवार को कोर्ट में हाजिर होकर अपने बयान दर्ज कराने थे लेकिन उनके वकील द्वारा स्थगन प्रार्थनापत्र अदालत में प्रस्तुत किया गया जिसे सुनने के बाद अदालत ने आगामी तीन अप्रैल को रामपुर की पूर्व सांसद और अभिनेत्री जयाप्रदा को गवाही के लिए तलब किया है।