मुरादाबाद में लेखपाल परीक्षा के बाद अब वन रक्षक परीक्षा में भी सॉल्वर गैंग ने सेंध लगाने की कोशिश की। यहां आरएन इंटर कॉलेज में परीक्षार्थी की जगह सॉल्वर परीक्षा देते पकड़ा गया है। उसने बताया कि वह अपने चचेरे भाई की जगह बैठा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभिषेक फिरोजाबाद के कटोरा बुजुर्ग गांव का रहने वाला है।
सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी के मुताबिक, मुरादाबाद में वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक परीक्षा के लिए 58 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सविल लाइंस क्षेत्र में आरएन इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दी कि कक्ष संख्या दो में कक्ष निरीक्षक अशीष गुप्ता और रितिक शर्मा परीक्षार्थियों की फोटो और हस्ताक्षर का मिलान करा रहे थे, लेकिन एक परीक्षार्थी निर्मल कुमार का फोटो एवं हस्ताक्षर का मिलान नहीं हो रहा है। तब परीक्षार्थी से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने पहले अपना नाम विराज बताया। इसके बाद उसने अपना नाम अभिषेक कुमार बताया।