मुरादाबाद। रामगंगा नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद देवापुर गांव के पास घड़ियाल देखा गया था। बुधवार को देवापुर के पास खेत और जंगलों में वन विभाग की टीम ने डेरा जमाया। मिट्टी में घड़ियाल के पांव के चिह्न नहीं मिलने के बाद नाव के सहारे पूरा दिन नदी में घड़ियाल का सुराग तलाशते रहे। लेकिन घड़ियाल का पता नहीं चला। वन विभाग के रेंजर के मुताबिक बृहस्पतिवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
रामगंगा नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद देवापुर गांव के पास पानी में घड़ियाल नजर आया था। घड़ियाल नजर आने के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग को फोन करके घड़ियाल देखे जाने की बात कही। वन विभाग के मुताबिक बारिश के बढ़े हुए पानी के साथ जीव जंतु नदी में आते हैं। रेंजर एएस वोरा की अगुवाई में वन दरोगा रविंद्र कुमार, संजय कुमार और प्रेमपाल ने देवापुर के पास डेरा जमाया। गीली मिट्टी में घड़ियाल के पद चिह्न नहीं मिलने से अंदाजा लगाया गया कि वह नदी में रहा है। चूंकि घड़ियाल आम तौर पर इंसानों पर हमलावर नहीं होता है। लेकिन एहतियातन वन विभाग की टीम बृहस्पतिवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाकर घड़ियाल का पता लगाने की कोशिश करेगी।