अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार की रात बरवाला स्थित बिरयानी की दुकान पर छापा मारकर एक नमूना लिया। इसी प्रकार ठाकुरद्वारा बाजार में अन्य टीम ने पनीर का नमूना भर लिया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में शुक्रवार की रात अभियान के तहत बरवाला स्थित राशिद बिरयानी की दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार ने बिरयानी का नमूना भर लिया। इस दौरान दुकान में स्वच्छ पानी और सफाई की व्यवस्था देखने के बाद सहायक आयुक्त ने आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने ठाकुरद्वारा बाजार स्थित एक दुकान के सामान की शिकायत मिलने पर पनीर का नमूना संग्रहित किया। सहायक आयुक्त ने कहा कि जांच के लिए दोनों नमूने लैब में भेजे जाएंगे। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कार्यवाही की जाएगी।
मोबाइल फूड सेफ्टी वैन से 20 नमूनों की हुई जांच, हल्दी का नमूना फेल निकला
मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के तहत मोबाइल फूड सेफ्टी वैन से पंडित नगला बाईपास करुला में शुक्रवार को 20 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान हल्दी का एक नमूना जांच में फेल निकला। जांच अधिकारी ने संबंधित कारोबारी को हिदायत देकर छोड़ दिया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि खाद्य सुरक्षा जागरूकता के तहत पंडित नगला बाईपास करूला में सेफ्टी वैन के तहत जांच की गई। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम किशोर की मौजूदगी में 20 खाद्य नमूनों का त्वरित जांच की गई। इसमें हल्दी का एक नमूना मानकों के विपरीत पाया गया। इस मामले में संबंधित कारोबारी को शुद्ध उत्पादों को बेचने की हिदायत दी गई। इस अवसर पर 27 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि सिर्फ एफएसएसएआई लाइसेंस प्राप्त खाद्य सामग्री का उपयोग करना चाहिए। खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों का प्रयोग नही करना होगा। रेस्टोरेंटों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर ध्यान देगा।