मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में शनिवार को आटा चक्की के पट्टे में चादर उलझने से चक्की संचालक की मौत हो गई। दरअसल, संचालक ने चादर ओढ़ रखी थी और उसके साथ ही उसकी गर्दन भी पट्टे में जा फंसी।
आटा चक्की के पट्टे की चपेट में आकर जान गंवाने वाला नूर अहमद (40) मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव अक्का डिलारी निवासी था। नूर अहमद के परिवार में पत्नी रिजवाना, चार बेटियां और दो बेटे हैं। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि नूर अहमद की डिलारी चौराहे के पास आटा चक्की है। शनिवार सुबह वह था। उसने चादर ओढ़ रखी थी। पिसाई के दौरान उसकी चादर पट्टे में उलझ गई थी। जिससे नूर अहमद को बचने का मौका तक नहीं मिल पाया और उसकी गर्दन भी पट्टे में जा फंसी। यहां खड़े बेटे ने तत्काल इंजन बंद किया, लेकिन तब तक नूर अहमद की गर्दन कट चुकी थी। नूर अहमद की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।