कांठ। रिटायर्ड वायु सेना अधिकारी की भूमि को अपना बताकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर महिला सहित एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
मामला छजलैट थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर विश्नोई का है। यहां के रहने वाले वायु सेना के रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन साकेत रस्तोगी पुत्र जयपाल रस्तोगी का कहना है कि जिस समय कारगिल का युद्ध था, उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस समय वह ड्यूटी पर रहते थे। इसका लाभ उठाकर गांव के ही रजत कुमार नैन, तपन कुमार, शशि पत्नी सुनील कुमार ने उनकी गाटा संख्या 45 में क्षेत्रफल 8037 हेक्टेयर भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अपना कब्जा दिखाया था, जबकि इस भूमि से इन लोगों का कोई भी मतलब नहीं है। न तो इन्होंने इसे किसी से खरीदा है और न ही यह भूमि इनकी पुस्तैनी है। भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर इसे हड़पने का प्रयास किया।
आरोप है कि उक्त भूमि पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए वर्ष 2020 से 2022 तक गांव में स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक से सुशील कुमार और अंकित कुमार नैन ने कई बार में 49.26 लाख रुपये का ऋण ले लिया। आरोप है कि आरोपियों के द्वारा करीब 50 करोड़ रुपये की भूमि को हड़पने का प्रयास किया गया है। साकेत रस्तोगी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएसपी मुरादाबाद हेमराज मीणा को प्रार्थना पत्र दिया था। जिसके बाद अब छजलैट पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रजत कुमार नैन, तपन कुमार, शशि, सुशील कुमार और अंकित कुमार नैन ने धारा 420, 467, 468, 471 व 406 में एफआईआर दर्ज की है।