मुरादाबाद। मूंढापांडे के फर्मकर्मी हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस ने बुधवार को पांच लोगों से पूछताछ की। हालांकि पुलिस को इनसे कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। बुधवार को पुलिस ने दोबारा घटनास्थल का निरीक्षण और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की। अब पुलिस सुमित के मोबाइल की एक माह की कॉल डिटेल को फिल्टर कर रही है।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र में गणेशघाट निवासी फर्मकर्मी सुमित (30) एक्सपोर्ट फर्म में काम करता था। वह पत्नी शालिनी उर्फ प्रियंका और तीन बेटियों के साथ मूंढापांडे में शिव मंदिर के पास मकान में रह रहा था। शनिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे सुमित घर से काम के लिए निकला था उसके बाद घर नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव दिल्ली-लखनऊ हाईवे किनारे निर्माणाधीन रिंग रोड पर पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में गला काट कर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस और एसओजी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। बुधवार को पुलिस ने क्षेत्र के पांच लोगों से पूछताछ की। इनमें से एक व्यक्ति पहले गोकशी के मामले में जेल जा चुका है।हालांकि पांचों ने इस घटना में शामिल होने से इन्कार कर दिया है। पुलिस ने बुधवार को घटनास्थल को दोबारा देखा और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अब सुमित के मोबाइल की एक माह की कॉल डिटेल निकलवाई है। जिसमें संदिग्ध लोगों को अलग किया जा रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस टीमें केस पर काम कर रही हैं। जल्द ही हत्याकांड में कुछ सुराग हाथ लगने की उम्मीद है।