मुरादाबाद। संभल के कारोबारी पिता-पुत्र को लूटने में गाजियाबाद और अगवानपुर निवासी पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से नकदी, बाइक और अन्य सामान बरामद कर लिया। सोमवार शाम सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
एसपी क्राइम सुभाष चंंद्र गंगवार ने बताया कि संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के चंद्रतार की मड़इया निवासी इरशाद और उनके पिता कल्लू कबाड़ियों से सामान खरीद कर बेचते हैं। शनिवार को बदमाशों ने कल्लू को कॉल कर सामान बेचने के बहाने मुरादाबाद बुला लिया था। कांशीराम नगर में श्रीराम चौक के पास बुलाकर आरोपी उन्हें सामान दिखाने के बहाने प्रधानमंत्री आवास योजना के खाली मैदान पर ले गए और यहां मारपीट कर रुपये, मोबाइल, बाइक और अन्य सामान लूट लिया था।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद और मोबाइल नंबर को ट्रेस कर बदमाशों तक पहुंच गई। मझोला थाने की पुलिस ने सोमवार को सिविल लाइंस के अगवानपुर निवासी नदीम, मोनू सिंह और गाजियाबाद जिले के लोनी में रहने वाले आगरा जनपद के चित्रहट थाना क्षेत्र के कुकापुर निवासी आरिफ उर्फ बंटी, गाजियाबाद में रहने वाले मैनपुरी के भौगांव निवासी आलिम और गाजियाबाद के अशोक विहार में रहने वाले हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र के मोहल्ला टांडा निवासी इरफान को गिरफ्तार किया।
तीनों गाजियाबाद में रहकर फैक्टरी में काम करते हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नदीम और मोनू सिंह ने उन्हें कॉल कर बुलाया था। इसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से बाइक, छह हजार 100 रुपये, चार मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया है।
00
कांठ रोड पर ढाबा चलाता है नदीम
आरोपी बदमाश मोनू सिंह फैक्टरी से कबाड़ खरीद कर बेचता है। नदीम कांठ रोड पर ढाबा चलाता है। दोनों के बीच दोस्ती है। नदीम भी पहले कबाड़ खरीदकर बेचता था। मोनू और नदीम ने कल्लू को पहले भी कबाड़ बेचा था। वह दोनों जानते थे कि पिता-पुत्र कबाड़ खरीदने के लिए आसानी से आ जाएंगे और रुपये भी लेकर आएंगे। इसलिए दोनों ने गाजियाबाद में रहने वाले अपने तीन दोस्तों को बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिया।