मुरादाबाद। दूसरी लहर का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को पांच संक्रमितों ने इलाज के दौरान टीएमयू में दम तोड़ दिया। जान गंवाने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं 673 नए पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि स्वस्थ होने पर चौबीस घंटे में 969 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
कोरोना संक्रमित होने पर शहर के 73 वर्षीय बुजुर्ग, मिलन विहार की 62 वर्षीय महिला, कांठ के 55 वर्षीय व्यक्ति, चाऊ की बस्ती की 41 वर्षीय महिला, रामगंगा विहार निवासी 59 वर्षीय बुजुर्ग को इलाज के लिए टीएमयू में भर्ती कराया गया था। जहां शनिवार को इन पांच संक्रमितों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने जान गंवाने वाले संक्रमितों के कांटेक्ट ट्रेसिंग कर सैंपल कराया है। शुक्रवार को सरकारी और निजी लैब से आई रिपार्ट में 673 लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन और कोविड अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक 32822 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 24168 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं स्वस्थ होने पर गुरुवार दोपहर से शुक्रवार दोपहर तक 969 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 8592 हो गई है।