पंचायत भवन में सैंपल देने के लिए पहुंचे लोग।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण का फैलाव जारी है। कोरोना संक्रमित पांच और लोगों ने अपनी जान गंवा दी। टीएमयू अस्पताल में इलाज के दौरान महिला समेत पांच संक्रमितों की मौत हो गई। मरने वाले मझोला, पाकबड़ा, कटघर और बुद्धि विहार के रहने वाले थे। वहीं मूंढापांडे सीएचसी के दो डाक्टर, फार्मेसिस्ट और बैंक के तीन कर्मचारियों समेत 514 लोग पॉजिटिव मिले हैं, जबकि स्वस्थ होने पर 246 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
कटघर क्षेत्र के 45 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति को गुरुवार दोपहर टीएमयू में भर्ती कराया गया था। भर्ती होने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। संक्रमित होने पर बुद्धि विहार निवासी वृद्ध महिला को 21 अप्रैल को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं मझोला के 45 वर्षीय, पाकबड़ा के 51 वर्षीय और और एक अन्य कोरोना संक्रमित की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में 514 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। मूंढापांडे के दो डाक्टर और फार्मेसिस्ट क रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक बैंक के तीन कर्मचारी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा कटघर के एक ही परिवार के चार और लाजपतनगर के रहने वाले परिवार के तीन सदस्य भी संक्रमित पाए गए हैं। तेजी से फैलते संक्रमण के बीच संक्रमितों के स्वस्थ होने का सिलसिला शुरू हो गया है। लगातार तीसरे दिन सवा दो सौ से अधिक मरीज स्वस्थ हुए। गुरुवार को 246 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 4782 हो गई है।
मूंढापांडे सीएचसी के 11 डाक्टर और कर्मचारी हो चुके हैं संक्रमित
मुरादाबाद। मूंढापांडे क्षेत्र में गुरुवार को छह लोग संक्रमित पाए गए। इसमें ग्रामीण प्रथमा बैंक के तीन कर्मचारी औेर सीएचसी के दो डाक्टर समेत तीन कर्मचारी शामिल हैं। सीएचसी प्रभारी डा. नरेंद्र कुमार ने बताया कि एंटीजन टेस्ट में दो डाक्टर और एक फार्मेसिस्ट संक्रमित पाए गए हैं। अब तक सीएचसी के 11 स्टाफ पॉजिटिव हो चुके हैं।