मुरादाबाद में बिजली कटाैती को लेकर गुस्साए लोग
- फोटो : संवाद
बिजली चोरी के आरोप में बीस के खिलाफ एफआईआर दर्ज
दलपतपुर बिजलीघर की टीम ने विभिन्न गांवों में अभियान चलाकर 20 लोगों के घरों में बिजली चोरी पकड़ी। सभी आरोपियों के खिलाफ बिजली अधिनियम की धारा 135 के तहत बुद्धि विहार स्थित एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बिजली निगम की टीम ने दलपतपुर, सरकड़ा खास, भीतखेड़ा और भगतपुर विद्युत बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों में जांच की।
जांच के दौरान खानपुर कस्बा, बीजना, दादूपुर, मलवाड़ा उर्फ मानपुर, ठिरियादान, मुंडिया, सिरसवां गौड़, आवला घाट, जैतपुर का मंझरा और हीरापुर समेत कई गांवों में उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पाया गया। मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 20 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए, जिनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुरादाबाद में बिजली कटाैती को लेकर गुस्साए लोग
- फोटो : संवाद
बिजली की आंख-मिचौली से शहर बेहाल, झेलनी पड़ी गर्मी की मार
भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था एक बार फिर लड़खड़ा गई। बृहस्पतिवार देर रात से शुक्रवार दोपहर तक शहर के कई इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग और लंबी बिजली कटौती से लोग बेहाल रहे। बुद्धि विहार, रामगंगा विहार, हरथला, दीवान का बाजार, दौलत बाग, करूला और जिगर कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में तीन से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
उमस भरी रात में बिजली गायब होने से लोगों की नींद उड़ गई, जबकि दिन में भीषण गर्मी ने परेशानी और बढ़ा दी। बिजली गुल होते ही पंखे, कूलर और एसी बंद हो गए। कई घरों में पानी की मोटर नहीं चल सकी, जिससे सुबह पेयजल का संकट भी खड़ा हो गया। इनवर्टर लंबे कट के कारण जवाब दे गए और छोटे बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ी।
शहर में विभिन्न स्थानों पर मुहर्रम के जुलूस के कारण सप्लाई एहतियातन रोकी गई है। इसके अलावा कई ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोडिंग की समस्या है। लोगों की परेशानी की जानकारी हमें मिल गई है। जल्द से जल्द समाधान कराया जा रहा है। - अशोक कुमार चौरसिया, मुख्य अभियंता