चंदौसी। परिषदीय स्कूलों में प्रथम सत्र की परीक्षा का आयोजन सोमवार से 23 अगस्त तक किया जाएगा। परीक्षा का व्यय का खर्च कंपोजिट ग्रांट से किया जाएगा। परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शिक्षक व विषय अध्यापक करेंगे। परीक्षा के बाद कम अंक लाने वाले बच्चों की स्थिति में सुधार लाने के लिए अध्यापक अभिभावकों से बातचीत करेंगे।
जिले में 1289 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय है। इन विद्यालयों में प्रथम सत्र की परीक्षाएं 18 से 23 अगस्त तक आयोजित की जाएंगी। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने विज्ञप्ति जारी कर दिशा निर्देश दिए है। जारी निर्देश में बताया है कि कक्षा एक की मौखिक परीक्षा, दो से पांचवीं तक के छात्र - छात्राओं की मौखिक व लिखित परीक्षा और कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों को सिर्फ लिखित परीक्षा होगी।
परीक्षा में जुलाई माह तक पूरे कराए गए पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के बाद शिक्षक एक तिथि निर्धारित कर अभिभावकों के साथ विद्यालय में बैठक करेंगे। इसमें परीक्षाफल की स्थिति को शिक्षक अभिभावकों के साथ साझा करेंगे ताकि कम अंक लाने वाले बच्चों की स्थिति में सुधार किया जा सके।